राजधानी लखनऊ में एक महिला ने अपने पति और उसके दोस्तों के खिलाफ वजीरगंज थाने में गंभीर आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई है। पीड़िता का कहना है कि उसका पति दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित करता था और विरोध करने पर उसे नशीला पदार्थ पिलाकर अपने दोस्तों से अनैतिक कार्य करवाता था। इतना ही नहीं, आरोपी उसके निजी फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे डराता-धमकाता रहा।
निकाह के बाद शुरू हुआ उत्पीड़न
पीड़िता के अनुसार, 14 अक्टूबर 2022 को उसका निकाह हरदोई रोड, अंधे की चौकी के पास रहने वाले एक व्यापारी से हुआ था। शादी के कुछ ही समय बाद पति अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगा। विरोध करने पर वह शराब पीकर मारपीट करता और कई-कई घंटों तक भूखा रखता था।
नशीला पदार्थ पिलाकर दोस्तों से अनैतिक काम कराया
महिला ने बताया कि एक दिन पति घर आया और कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे पिला दिया। बेहोश होने का फायदा उठाते हुए उसने अपने दोस्तों को बुलाया और उनसे अनैतिक हरकत करवाई। इस दौरान आरोपियों ने पीड़िता के अश्लील वीडियो और तस्वीरें भी बनाई।
होश आने पर महिला ने विरोध किया तो पति ने बेरहमी से पीटा और धमकी दी कि अगर उसने किसी से शिकायत की तो निजी वीडियो वायरल कर देगा।
मायके जाने पर मकान बेच दिया, फोटो-वीडियो वायरल किए
लगातार प्रताड़ना से तंग आकर पीड़िता मायके चली गई। इसके बाद पति ने बिना उसकी जानकारी के मकान बेच दिया। जब पीड़िता ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसकी निजी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिए, जिससे वह मानसिक रूप से टूट गई।
तफ्तीश जारी, सख्त कार्रवाई की तैयारी
इंस्पेक्टर राजेश त्रिपाठी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर पति और उसके दोस्तों के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस साक्ष्य जुटा रही है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस भयावह घटना ने एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा और घरेलू हिंसा के मुद्दे को सवालों के केंद्र में ला दिया है।
- लखनऊ में विश्व के मुख्य न्यायाधीशों का 26वां अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन, सीएम योगी ने की भागीदारी
- मेरठ के काशी गांव में सांप्रदायिक विवाद के बाद तनाव, पुलिस-पीएसी तैनात, ड्रोन से निगरानी
- तुर्कमान गेट में हिंसा कैसे भड़की? अतिक्रमण हटाने से लेकर पथराव और लाठीचार्ज तक की पूरी कहानी
- JALAUN: खाई में गिरी स्लीपर बस, दूसरे वाहन को ओवरटेक करने की वजह से हुए हादसा, 21 यात्री गंभीर रूप से घायल…।

