Home उत्तर प्रदेशजालौन : पारिवारिक विवाद में महिला ने दो बेटियों संग खुद को लगाई आग, तीनों की दर्दनाक मौत

जालौन : पारिवारिक विवाद में महिला ने दो बेटियों संग खुद को लगाई आग, तीनों की दर्दनाक मौत

by NewsBoundry
0 comments

जालौन। कोंच कोतवाली क्षेत्र के दाढ़ी गांव में सोमवार सुबह पारिवारिक तनाव से परेशान एक महिला ने अपनी दो मासूम बेटियों के साथ खुद को आग लगा ली। इस हृदयविदारक घटना में तीनों की मौत हो गई, जिससे पूरे गांव में मातम पसर गया।

घटना ग्राम दाढ़ी निवासी देवेंद्र कुमार के घर की है। उनकी पत्नी आरती (27) घर पर अपनी दोनों बेटियों पीहू (7) और दृष्टि (5) के साथ रहती थी, जबकि पति देवेंद्र बाहर काम करता है। सोमवार सुबह आरती का परिजनों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद के बाद उसने दोनों बेटियों को कमरे में बंद कर खुद पर और बच्चों पर मिट्टी का तेल उड़ेल कर आग लगा ली।

चीखपुकार सुनकर परिवार और पड़ोसी मौके पर पहुंचे और किसी तरह दरवाजा तोड़कर तीनों को बाहर निकाला। उन्हें तुरंत सीएचसी कोंच पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने आरती और उसकी बड़ी बेटी पीहू को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से झुलसी छोटी बेटी दृष्टि को झांसी रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी भी मौत हो गई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था, जिसके कारण आरती मानसिक तनाव में रहती थी। घटना की सूचना पर सीओ और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।

गांव में एक साथ तीन मौतों से कोहराम मचा हुआ है। संयोग से महिला के देवर का विवाह समारोह होने वाला था, जिसकी सारी तैयारियां इस दुखद घटना के बाद रुक गईं।

You may also like

Leave a Comment