Home उत्तर प्रदेशMuzaffarnagar में पिता की हत्या: दो बहनों ने रची साजिश, पुलिस ने दो घंटे में किया खुलासा

Muzaffarnagar में पिता की हत्या: दो बहनों ने रची साजिश, पुलिस ने दो घंटे में किया खुलासा

by NewsBoundry
0 comments

मुजफ्फरनगर। भोपा थाना क्षेत्र के मोरना गांव में सोमवार तड़के एक किसान की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया। पुलिस के मुताबिक, 55 वर्षीय किसान राम प्रसाद की चाकू से गोदकर हत्या उनकी ही दो बेटियों ने की। वारदात के पीछे घर में पाबंदियों, टोका-टाकी और शादी को लेकर विवाद को वजह बताया जा रहा है।

सुबह मचा हड़कंप, परिवार ने बताया ‘बदमाशों’ की करतूत

सोमवार सुबह करीब छह बजे घर के मुख्य दरवाजे के पास राम प्रसाद का खून से लथपथ शव मिला। गर्दन और पेट पर चाकू के गहरे वार थे। परिवार ने शुरुआती तौर पर आरोप लगाया कि अज्ञात बदमाश घर में घुसकर हत्या कर गए। सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

जांच में सामने आए अहम सुराग

जांच के दौरान पुलिस को घर की नाली का पानी लाल दिखाई दिया और नल पर भी खून के निशान मिले। शक के आधार पर परिवार के सदस्यों को थाने ले जाकर अलग-अलग पूछताछ की गई। पूछताछ में बड़ी बेटी कोमल और उसकी नाबालिग बहन टूट गईं और वारदात कबूल कर ली।

नींद की गोलियां देकर रची हत्या की योजना

पुलिस के अनुसार, दोनों बहनों ने पहले से हत्या की साजिश बनाई थी। उन्होंने एक परिचित युवक से नींद की गोलियां मंगाईं और खीर में मिलाकर परिवार को खिला दीं। जब सभी सो गए, तब तड़के करीब तीन बजे पिता पर चाकुओं से हमला कर दिया। वारदात के बाद दोनों ने खून साफ किया, कपड़े बदले और चाकू धोकर अपने कमरे में सो गईं।

सुबह होते ही वे मां से लिपटकर रोती रहीं ताकि किसी को शक न हो।

पारिवारिक कलह बनी वजह

पुलिस जांच में सामने आया कि घर में अक्सर विवाद होता था। एक महीने पहले पिता ने बड़ी बेटी को थप्पड़ मारा था, जिसके बाद उसने अलग चूल्हा कर लिया था। बेटियों ने पूछताछ में बताया कि उनके पहनावे, उठने-बैठने और घर से बाहर जाने पर सख्त पाबंदी थी। शादी में देरी और बेटे-बेटी में भेदभाव को लेकर भी नाराजगी थी।

पुलिस कार्रवाई

भाई की तहरीर पर दोनों बहनों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त दो चाकू, खून से सने कपड़े और नींद की गोलियां बरामद की हैं।

नाबालिग आरोपी को राजकीय बालिका गृह, नोएडा भेजा गया है, जबकि बालिग बहन को महिला जेल भेज दिया गया है।

एसपी देहात ने बताया कि पुलिस ने करीब दो घंटे में घटना का खुलासा कर लिया। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

शुकतीर्थ में अंतिम संस्कार

पोस्टमार्टम के बाद मृतक का अंतिम संस्कार शुकतीर्थ घाट पर पुलिस और ग्रामीणों की मौजूदगी में किया गया। गांव में एहतियातन पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।

You may also like

Leave a Comment