रुड़की। उत्तराखंड के रुड़की में खेलते समय हुआ एक मामूली विवाद दर्दनाक हादसे में बदल गया। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के पनियाला चंदापुर गांव में 12 वर्षीय बच्चे की सिर पर डंडा लगने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी और दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर गांव के आंबेडकर पार्क में क्षेत्र के बच्चे आपस में खेल रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर बच्चों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और एक नाबालिग ने भानू (12), पुत्र बालेंद्र, के सिर पर डंडे से जोरदार वार कर दिया।
घटना के बाद पार्क में मौजूद अन्य बच्चे घबराकर मौके से भाग निकले। घायल अवस्था में भानू किसी तरह अपने घर पहुंचा और परिजनों को सिर पर डंडा लगने की बात बताई। कुछ ही देर में वह बेहोश हो गया। परिजन उसे तुरंत बीएसएम तिराहा स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही गंगनहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वारदात को अंजाम देने वाला भी नाबालिग है।
मामले की पुष्टि करते हुए इंस्पेक्टर मणिभूषण श्रीवास्तव ने बताया कि घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है। हत्या के कारणों और अन्य पहलुओं की गहन पड़ताल की जा रही है। आरोपी नाबालिग की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
मामूली विवाद में हुई इस हत्या से गांव और आसपास के क्षेत्रों में दहशत फैल गई है। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस दोनों पक्षों से लगातार संपर्क में है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

