उधमसिंह नगर ज़िले के किच्छा क्षेत्र में शनिवार तड़के हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक कार को ट्रैक्टर-ट्रॉली ने जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में नेपाल मूल की एक महिला की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस के मुताबिक, हादसा सुबह करीब साढ़े चार बजे उस वक्त हुआ, जब दिल्ली से नेपाल जा रहे चार लोग कार में किच्छा होते हुए आगे बढ़ रहे थे। जैसे ही वाहन सितारगंज रोड के पास पहुंचा, तभी गलत दिशा से आ रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने कार में जबरदस्त टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में सवार 40 वर्षीय जयंती देवी, जो नेपाल की निवासी थीं, की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कार चालक सहित तीन अन्य यात्री घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसे के बाद क्षेत्र में मातम का माहौल है।
79

