अलीगढ़ – दिल्ली से बिहार जा रही स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एक्सप्रेस ट्रेन में बम होने की सूचना मिलने पर अलीगढ़ रेलवे स्टेशन पर खलबली मच गई। आरपीएफ, जीआरपी, क्राइम इन्वेस्टिगेशन, डॉग स्क्वाड और सिविल पुलिस की संयुक्त टीम ने संदिग्ध व्यक्ति को ट्रेन से उतारकर उसके बैग की तलाशी ली।
घटना का विवरण
15 नवंबर की रात लगभग 11:05 बजे डिवीजन कंट्रोल प्रयागराज को सूचना मिली कि ट्रेन के जनरल कोच में एक व्यक्ति के पास बम जैसी कोई वस्तु हो सकती है। सूचना में यह भी बताया गया कि वह व्यक्ति फ्रंट साइड के 12560 या 12562 कोच में बैठा है।
ट्रेन के प्लेटफॉर्म 03 पर पहुँचते ही सुरक्षा बलों ने संदिग्ध व्यक्ति की चेकिंग की। ट्रेन के इंजन से दूसरे जनरल कोच की सीट संख्या 247503/सी पर बैठे 35 वर्षीय सुशील सैनी को उनके बैग के साथ उतारा गया।
तलाशी में हुआ खुलासा
पूछताछ और बैग की जांच में किसी भी संदिग्ध वस्तु का पता नहीं चला। सुशील सैनी ने बताया कि वह फरीदाबाद की डबुआ फल मंडी में काम करता है और अपने माता-पिता को बिहार के मधुबनी जिले के गांव लाने के लिए यात्रा कर रहा था। उसके बैग में अमरूद, खाने-पीने का सामान और कपड़े पाए गए।
पुलिस कार्रवाई
आरपीएफ के सहायक आयुक्त गुलजार सिंह ने बताया कि संदिग्ध व्यक्ति के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है और उनसे पूछताछ जारी है।

