लखीमपुर खीरी में सोमवार सुबह एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। ईसानगर थाना क्षेत्र के ऊंच गांव और भरेहटा के बीच स्थित लखीमपुर-बहराइच नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रक और मैजिक वाहन की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि मैजिक में सवार सभी 10 लोगों की मौके पर या इलाज के दौरान मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि मैजिक वाहन के परखच्चे उड़ गए और सड़क पर चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया और आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए।
सुबह करीब 8 बजे हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक यह हादसा सोमवार सुबह करीब 8 बजे हुआ। मैजिक वाहन लखीमपुर से सिसैया की ओर जा रही थी, जबकि सामने से आ रहा ट्रक बहराइच की दिशा से तेज गति में आ रहा था। इसी दौरान ऊंच गांव भरेहटा के पास दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, एंबुलेंस और प्रशासनिक अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू कराया। गंभीर रूप से घायल लोगों को तुरंत सीएचसी खमरिया भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने नौ लोगों को मृत घोषित कर दिया। एक गंभीर घायल को ओयल अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
मृतकों में दो सगे भाई भी शामिल
इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वालों में दो सगे भाई भी शामिल हैं, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई है:
अदनान (15 वर्ष), निवासी मुस्लिमनगर रामापुर, कोतवाली सदर, खीरी
पप्पू (18 वर्ष), निवासी देवदत्तपुर, थाना खैरीघाट, बहराइच
पवन, निवासी मझरा, थाना मूर्तिहा, बहराइच
सोहन (21 वर्ष), निवासी मझरा, थाना मूर्तिहा, बहराइच
राजेश गोयल, निवासी महपुरवा, थाना मिहींपुरवा, बहराइच
सहजराम (35 वर्ष), निवासी ककरहा मूर्तिहा, बहराइच
जयवीर सिंह, निवासी मनगौढ़िया, बहराइच
गायत्री गुप्ता (44 वर्ष), निवासी विजय लक्ष्मी नगर, सीतापुर
जुलेखा (45 वर्ष), निवासी पलटूपुरवा, थाना धौरहरा
एक अन्य मृतक की पहचान बाद में पूरी की गई पवन और सोहन सगे भाई थे। दोनों की एक साथ मौत की खबर सुनकर परिवार में मातम छा गया। गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्रशासनिक अधिकारियों ने लिया जायजा
घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन भी हरकत में आ गया। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक समेत कई वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल पहुंचे और घायलों व परिजनों से बातचीत कर हादसे की जानकारी ली। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण भी किया और पुलिस को आवश्यक निर्देश दिए। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार चालक की तलाश के लिए आसपास के इलाकों में दबिश दी जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है।
स्थानीय लोगों में आक्रोश
लगातार हो रहे सड़क हादसों को लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली। लोगों का कहना है कि हाईवे पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी के कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से हाईवे पर सख्त निगरानी और सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने की मांग की है।
पूरे इलाके में शोक की लहर
एक ही हादसे में 10 लोगों की मौत से उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी और बहराइच जिलों में शोक की लहर दौड़ गई है। कई परिवारों ने अपने घर के कमाने वाले सदस्य खो दिए, जिससे गांवों में मातम पसरा हुआ है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया है।

