पंचकूला। पंजाब के पूर्व डीजीपी मोहम्मद मुस्तफा के बेटे अकील अख्तर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत मामले में CBI की कार्रवाई तेज हो गई है। रविवार दोपहर करीब 2 बजे CBI की स्पेशल क्राइम ब्रांच की टीम पंचकूला स्थित मनसा देवी कॉम्प्लेक्स, सेक्टर-4 में मुस्तफा के आवास पर पहुंची और लगभग तीन घंटे तक घर की विस्तृत तलाशी ली। टीम के साथ पंचकूला पुलिस, SIT और फॉरेंसिक विशेषज्ञ भी मौजूद थे।
क्राइम सीन का रिक्रीएशन
जांच एजेंसी ने घर के अंदर उस रात की परिस्थितियों को समझने के लिए पूरा क्राइम सीन रिक्रीएट किया। अकील के कमरे और उन स्थानों की दोबारा गहन जांच की गई, जहां से शुरुआती जांच में डायरी सहित कई सामान बरामद हुए थे। फॉरेंसिक टीम द्वारा पहले लिए गए सैंपल्स और लोकेशनों को भी फिर से चेक किया गया।
सुरक्षा कर्मियों और स्टाफ से पूछताछ
CBI ने घर में मौजूद सुरक्षा कर्मियों, घरेलू नौकरों और अन्य कर्मचारियों से मौके पर ही सवाल-जवाब किए। जांच टीम ने किचन, स्टोर रूम, वॉशरूम समेत घर के हर हिस्से और लॉन एरिया का निरीक्षण किया। इस दौरान सीसीटीवी फुटेज और कॉल रिकॉर्ड जैसे डिजिटल सबूतों के आधार पर भी कई सवाल पूछे गए।
सूत्रों के अनुसार, CBI ने जांच के दौरान आठ लोगों की सूची तैयार की है। इन सभी को आने वाले दिनों में पूछताछ के लिए सेक्टर-30 स्थित CBI कार्यालय में बुलाया जाएगा।
किसी बड़े सुराग का नहीं मिला संकेत
तीन घंटे चली तलाशी में CBI को कोई ठोस नया सुराग नहीं मिला, हालांकि कई अहम बिंदुओं पर पूछताछ की गई है। अधिकारियों का कहना है कि अकील और परिवार में पहले भी विवाद की जानकारी सामने आई है, जिसकी जांच अब गहराई से की जा रही है।
क्या है मामला
16 अक्टूबर की रात अकील अख्तर मुस्तफा के घर में बेसुध अवस्था में मिला था। उसे तुरंत सेक्टर-6 सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अगले दिन पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मलेरकोटला निवासी शमशुद्दीन चौधरी की शिकायत और सोशल मीडिया पर वायरल अकील के वीडियो के आधार पर पुलिस ने FIR दर्ज कर SIT बनाई थी। बाद में मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच CBI को सौंप दी गई।
CBI ने 6नवंबर को हत्या और आपराधिक साजिश की धाराओं के तहत पूर्व डीजीपी मुस्तफा, पूर्व मंत्री रज़िया सुल्ताना, अकील की पत्नी और बहन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। इसके बाद से एजेंसी लगातार नए सबूत जुटाने में लगी हुई है।

