Home उत्तराखंडUTTARKHAND: 21 साल की शिवानी बनी धारगांव की निर्विरोध ग्राम प्रधान, नामांकन की कहानी भी दिलचस्प

UTTARKHAND: 21 साल की शिवानी बनी धारगांव की निर्विरोध ग्राम प्रधान, नामांकन की कहानी भी दिलचस्प

by NewsBoundry
0 comments

धारगांव,टिहरी – भिलंग क्षेत्र की ग्राम सभा धारगांव में पंचायत उपचुनाव में 21 साल की शिवानी राणा निर्विरोध ग्राम प्रधान चुनी गई हैं। वह टिहरी जिले की सबसे कम उम्र की ग्राम प्रधान बनी हैं।

नामांकन की अनोखी कहानी
बीते जुलाई में हुए पंचायत चुनाव में शिवानी ने प्रधान पद के लिए नामांकन भरा था, लेकिन नामांकन जांच के दौरान उनकी उम्र 21 वर्ष से तीन माह कम पाई गई। जन्मतिथि 16 अक्टूबर 2004 होने के कारण उनका नामांकन रद्द कर दिया गया था। अब 16 अक्टूबर 2025 को 21 वर्ष की आयु पूरी होने के बाद उपचुनाव में उन्होंने पुनः नामांकन कराया। इस बार धारगांव से अकेले शिवानी राणा ने ही नामांकन किया और अंतिम तिथि तक किसी अन्य प्रत्याशी ने नामांकन नहीं भरा।

ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत चुनाव के समय ही वे स्पष्ट कर चुके थे कि शिवानी ही उनकी अगली प्रधान होंगी। सहमति के कारण उपचुनाव में कोई अन्य उम्मीदवार सामने नहीं आया और शिवानी निर्विरोध प्रधान चुनी गई।

पारिवारिक और शैक्षिक पृष्ठभूमि
शिवानी चार भाई–बहनों में दूसरे नंबर की हैं। उनके पिता विशाल सिंह राणा वाहन चालक हैं और मां सुमित्रा राणा प्राथमिक विद्यालय में शिक्षिका हैं। शिवानी ने पिछले वर्ष एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय से बीएससी की डिग्री प्राप्त की और इस सत्र में बीएड कर रही हैं।

प्रधान के रूप में प्राथमिकताएँ
शिवानी ने कहा कि पढ़ाई जारी रखते हुए वह पंचायत की जिम्मेदारियां निभाएंगी। उनका लक्ष्य भविष्य में शिक्षा क्षेत्र में करियर बनाना है। धारगांव की सबसे बड़ी समस्या संकरे और क्षतिग्रस्त रास्ते हैं। प्रधान के रूप में उनकी पहली प्राथमिकता इन्हें दुरुस्त कराना होगी।

वार्ड सदस्य निर्वाचित
उपचुनाव में ग्राम पंचायत के सात वार्ड सदस्यों में से पांच वार्डों में सहमति बन चुकी है और पांच सदस्य निर्विरोध चुने गए हैं।

You may also like

Leave a Comment