उत्तराखंड में आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR – Special Intensive Revision) प्रक्रिया शुरू होने से पहले निर्वाचन विभाग ने मतदाताओं को बड़ा अवसर दिया है। जिन नागरिकों को मतदाता सूची में अपना नाम जोड़ना, हटाना, पता बदलना या किसी प्रकार का सुधार करना है, वे अभी तुरंत आवेदन कर सकते हैं। विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि एसआईआर की औपचारिक घोषणा होने के बाद नाम जुड़वाने-हटवाने की सामान्य प्रक्रिया अस्थायी रूप से रोक दी जाएगी और केवल आवेदन ही स्वीकार होंगे। इन आवेदनों का निस्तारण पुनरीक्षण प्रक्रिया समाप्त होने के बाद किया जाएगा।
दो स्थानों पर नाम होने वालों को तुरंत हटवाना होगा एक नाम
निर्वाचन विभाग ने विशेष रूप से ऐसे मतदाताओं को चेतावनी दी है जिनके नाम वोटर लिस्ट में दो अलग-अलग जगह दर्ज हैं। विभाग के अनुसार, ऐसे मामलों में मतदाताओं के खिलाफ चुनाव आयोग की ओर से नोटिस भी जारी किया जा सकता है। इसलिए जिनका नाम दो स्थानों पर है, वे तुरंत एक स्थान से नाम हटवाकर अपनी जानकारी सही कर लें।
नए मतदाता भी तुरंत कर सकते हैं आवेदन
राज्य में ऐसे पात्र नागरिक, जिनका अब तक कोई वोट नहीं बना है, वे भी इस अवधि का लाभ उठाकर अपना नाम जोड़वा सकते हैं ताकि आगामी एसआईआर प्रक्रिया में उन्हें शामिल किया जा सके। विभाग ने बताया कि इस समय प्रदेश में वोटर लिस्ट से संबंधित सभी प्रकार की सेवाएँ सक्रिय हैं और ऑनलाइन माध्यम से आसानी से यह कार्य किया जा सकता है।
ऑनलाइन आवेदन की सुविधा: Form-6, Form-7 और Form-8 उपलब्ध
नया वोट बनवाने के लिए चुनाव आयोग की आधिकारिक वेबसाइट voters.eci.gov.in पर Form-6 ऑनलाइन भरने की व्यवस्था उपलब्ध है।
-
Form-6: नया वोट बनवाने या पहली बार नाम जोड़ने के लिए
-
Form-7: यदि आपका नाम दो स्थानों पर दर्ज है या किसी कारण से नाम हटवाना चाहते हैं
-
Form-8: नाम, पता, उम्र, फोटो या अन्य जानकारी में सुधार/संशोधन के लिए
इन सभी फॉर्म के साथ चुनाव आयोग ने विस्तृत गाइडलाइंस भी उपलब्ध कराई हैं, जिससे आवेदक आसानी से प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। आवेदन के दौरान मोबाइल नंबर और आधार कार्ड की आवश्यकता पड़ सकती है।
एसआईआर शुरू होने के बाद क्या होगा?
जैसे ही विशेष गहन पुनरीक्षण शुरू होगा:
-
नाम जोड़ने-हटाने की नियमित प्रक्रिया रोक दी जाएगी
-
केवल आवेदन जमा किए जा सकेंगे
-
इन आवेदनों पर कार्रवाई एसआईआर पूर्ण होने के बाद ही की जाएगी
हालाँकि, जो लोग अभी समय रहते अपना वोट बनवा लेंगे, वे आगामी विशेष पुनरीक्षण प्रक्रिया में स्वतः ही शामिल हो जाएंगे।
निर्वाचन विभाग की अपील
विभाग ने सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे निर्दिष्ट समय से पहले अपने मतदाता विवरण की जाँच कर लें और यदि आवश्यक हो तो ऑनलाइन फॉर्म भरकर सुधार करवाएँ। समय रहते किया गया आवेदन न केवल प्रक्रिया को सुगम बनाएगा, बल्कि नागरिकों को किसी भी अनावश्यक परेशानियों से भी बचाएगा।

