रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले के मुख्य बाजार क्षेत्र स्थित एक होटल में ठहरी एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला के साथ होटल में ठहरे दो युवक घटना के बाद से फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस ने प्रथम दृष्टया मामले को हत्या से जोड़कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, हरियाणा से आए दो युवक और एक महिला बीती रात रुद्रप्रयाग के मुख्य बाजार स्थित एक होटल में कमरा लेकर ठहरे थे। शनिवार सुबह दोनों युवक होटल स्वामी से यह कहकर कमरे की चाबी लेकर बाहर चले गए कि वे थोड़ी देर में वापस लौट आएंगे। लेकिन देर शाम तक भी जब दोनों युवक वापस नहीं लौटे तो होटल स्वामी को शक हुआ।
संदेह होने पर होटल स्वामी ने कमरे की खिड़की से अंदर झांककर देखा। अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। महिला कमरे के भीतर जमीन पर संदिग्ध अवस्था में गिरी हुई दिखाई दी। इसके बाद होटल स्वामी ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा खोलकर अंदर जांच की। कमरे के अंदर महिला मृत अवस्था में पाई गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया है।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि महिला के साथ होटल में ठहरे दोनों युवक सुबह से ही लापता हैं और उनका कोई सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस उनकी तलाश में जुट गई है और आसपास के क्षेत्रों में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
कोतवाली निरीक्षक सुरेश चंद्र बलूनी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध लग रहा है और हत्या की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि पुलिस होटल से जुड़े सभी साक्ष्य जुटा रही है और मामले की गहन जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस फरार दोनों युवकों की तलाश कर रही है और पूरे घटनाक्रम की हर पहलू से जांच जारी है। इस घटना की खबर फैलते ही क्षेत्र में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है और लोग मामले के खुलासे का इंतजार कर रहे हैं।

