Home उत्तराखंडअप्रैल में हो सकती है UKSSSC स्नातक स्तरीय परीक्षा, तिथि पर जल्द होगा फैसला

अप्रैल में हो सकती है UKSSSC स्नातक स्तरीय परीक्षा, तिथि पर जल्द होगा फैसला

by NewsBoundry
0 comments

उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा अप्रैल माह में आयोजित की जा सकती है। परीक्षा की तिथि को लेकर आयोग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं और जल्द ही इस पर अंतिम निर्णय लिए जाने की संभावना है। परीक्षा प्रदेशभर में कराने के लिए केंद्रों का चिह्निकरण किया जा रहा है।

गौरतलब है कि यूकेएसएसएससी ने पिछले वर्ष 21 सितंबर को स्नातक स्तरीय परीक्षा आयोजित कराई थी, जिसमें लगभग 1.05 लाख अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया था। हालांकि परीक्षा के दौरान हरिद्वार स्थित एक परीक्षा केंद्र से पेपर लीक होने का मामला सामने आया था। इस घटना के बाद बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने विरोध प्रदर्शन किया और निष्पक्ष जांच की मांग की थी।

छात्रों की मांग को देखते हुए राज्य सरकार ने पेपर लीक प्रकरण की जांच सीबीआई से कराने की सिफारिश की थी। इसके साथ ही एकल सदस्यीय न्यायिक जांच आयोग की रिपोर्ट के आधार पर यूकेएसएसएससी ने 11 अक्तूबर को स्नातक स्तरीय परीक्षा को रद्द कर दिया था। आयोग ने उस समय तीन माह के भीतर परीक्षा दोबारा कराने का आश्वासन भी दिया था, लेकिन सीबीआई जांच लंबित होने के कारण परीक्षा का पुनः आयोजन तय समय में नहीं हो सका।

परीक्षा रद्द होने के बाद से अभ्यर्थी लगातार नई परीक्षा तिथि की घोषणा का इंतजार कर रहे हैं। अब आयोग ने अप्रैल में परीक्षा कराने की दिशा में कवायद तेज कर दी है। इसके तहत परीक्षा केंद्रों की पहचान की जा रही है और परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष योजना बनाई जा रही है।

यूकेएसएसएससी के सचिव डॉ. शिव कुमार बरनवाल ने बताया कि परीक्षा आयोजन को लेकर आयोग स्तर पर बैठक की जाएगी, जिसके बाद परीक्षा की तिथि घोषित की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस बार परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और सख्त सुरक्षा इंतजामों के साथ संपन्न कराया जाएगा ताकि किसी भी तरह की अनियमितता की गुंजाइश न रहे।

वहीं दूसरी ओर, पेपर लीक मामले में सीबीआई की जांच अभी जारी है। जांच पूरी होने के बाद इस मामले से जुड़े अन्य तथ्यों के भी सामने आने की संभावना है। फिलहाल अभ्यर्थियों की निगाहें आयोग के अगले फैसले पर टिकी हुई हैं, जिससे उन्हें लंबे समय से रुकी परीक्षा को लेकर राहत मिल सके।

You may also like

Leave a Comment