Home देश/दुनियाचंद्रनाथ रथ हत्याकांड की जांच यूपी तक पहुंची, पश्चिम बंगाल पुलिस ने संभल में दी दबिश

चंद्रनाथ रथ हत्याकांड की जांच यूपी तक पहुंची, पश्चिम बंगाल पुलिस ने संभल में दी दबिश

by NewsBoundry
0 comments

बदायूं/संभल: पश्चिम बंगाल में भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक (पीए) चंद्रनाथ रथ की हत्या की जांच अब उत्तर प्रदेश तक पहुंच गई है। आरोपियों की तलाश में पश्चिम बंगाल पुलिस की एक टीम शुक्रवार देर रात बदायूं पहुंची और वहां वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से मुलाकात की। बाद में टीम संभल जिले के गुन्नौर क्षेत्र के लिए रवाना हो गई।

पुलिस सूत्रों के अनुसार जांच के दौरान संदिग्धों के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल और लोकेशन संभल जिले के गुन्नौर इलाके में मिली थी। इसी आधार पर पश्चिम बंगाल पुलिस वहां दबिश देने पहुंची। हालांकि पुराने प्रशासनिक रिकॉर्ड के कारण टीम पहले बदायूं पहुंच गई, क्योंकि गुन्नौर पहले बदायूं जिले का हिस्सा हुआ करता था। बाद में संभल जिला बनने पर इसे उसमें शामिल कर दिया गया था।

बताया जा रहा है कि बदायूं पहुंचने के बाद पश्चिम बंगाल पुलिस अधिकारियों ने एसएसपी अंकिता शर्मा से मुलाकात कर मामले से जुड़े तकनीकी साक्ष्य और कॉल डिटेल साझा कीं। आवश्यक जानकारी लेने के बाद टीम संभल के लिए रवाना हो गई।

जांच एजेंसियां मोबाइल लोकेशन, कॉल रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही हैं। फिलहाल स्थानीय स्तर पर किसी गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई है। वहीं, पुलिस अधिकारी मामले में अधिक जानकारी देने से बच रहे हैं।

चंद्रनाथ रथ हत्याकांड को लेकर पश्चिम बंगाल में पहले से ही राजनीतिक माहौल गरम है। इस मामले की जांच कई राज्यों तक फैलने की संभावना जताई जा रही है।

You may also like

Leave a Comment