Home उत्तराखंडउत्तराखंड: अब गुमनाम रहकर दर्ज करा सकते हैं ऑनलाइन उत्पीड़न की शिकायत, साइबर पुलिस ने लोगों को किया जागरूक

उत्तराखंड: अब गुमनाम रहकर दर्ज करा सकते हैं ऑनलाइन उत्पीड़न की शिकायत, साइबर पुलिस ने लोगों को किया जागरूक

by NewsBoundry
0 comments

देहरादून:ऑनलाइन उत्पीड़न और साइबर अपराध के बढ़ते मामलों के बीच अब पीड़ित बिना अपनी पहचान उजागर किए भी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। भारत सरकार के राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर महिलाओं और बच्चों से जुड़े मामलों में “रजिस्टर एनोनिमसली” यानी गुमनाम शिकायत दर्ज करने का विकल्प उपलब्ध कराया गया है।

साइबर विशेषज्ञों के अनुसार कई लोग बदनामी या पहचान सामने आने के डर से ऑनलाइन उत्पीड़न की शिकायत नहीं करते। ऐसे में यह सुविधा पीड़ितों को सुरक्षित तरीके से शिकायत दर्ज कराने में मदद करेगी।

ऐसे दर्ज करें गुमनाम शिकायत

पीड़ित को राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर जाकर “Women/Children Related Crime” सेक्शन खोलना होगा। इसके बाद “Register Anonymously” विकल्प चुनकर शिकायत प्रक्रिया शुरू की जा सकती है। शिकायत दर्ज करते समय घटना की तारीख, समय, प्लेटफॉर्म और आरोपी से जुड़ी जानकारी भरनी होती है। साथ ही स्क्रीनशॉट, चैट रिकॉर्ड, प्रोफाइल लिंक या अन्य डिजिटल साक्ष्य भी अपलोड किए जा सकते हैं। सभी जानकारी सत्यापित करने के बाद शिकायत सबमिट की जा सकती है।

डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित रखना जरूरी

विशेषज्ञों ने कहा कि किसी भी साइबर अपराध की जांच में डिजिटल साक्ष्य अहम भूमिका निभाते हैं। इसलिए ऑनलाइन धमकी, फर्जी प्रोफाइल, ब्लैकमेलिंग या अश्लील संदेश मिलने पर स्क्रीनशॉट और चैट रिकॉर्ड सुरक्षित रखना जरूरी है। एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने लोगों से साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि साइबर ठगी या ऑनलाइन फ्रॉड का शिकार होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।

फेक लोन ऐप्स से सावधान रहने की सलाह

साइबर पुलिस ने फर्जी लोन ऐप्स को लेकर भी एडवायजरी जारी की है। पुलिस के मुताबिक ठग सोशल मीडिया पर आसान और तुरंत लोन देने के नाम पर लोगों को फर्जी ऐप डाउनलोड करने के लिए फंसाते हैं। ऐप इंस्टॉल होते ही ठग मोबाइल का कॉन्टैक्ट, गैलरी और निजी डेटा एक्सेस कर लेते हैं। इसके बाद फोटो एडिट कर ब्लैकमेलिंग की जाती है और बदनामी का डर दिखाकर पैसे वसूले जाते हैं। पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि किसी भी अनजान लिंक या बिना सत्यापन वाले ऐप को डाउनलोड न करें। ऐप डाउनलोड करने से पहले उसकी विश्वसनीयता और रिव्यू जरूर जांचें।

You may also like

Leave a Comment