Home उत्तराखंडहल्द्वानी: मेडिकल पुलिस चौकी के पास सनसनीखेज वारदात, नशे में धुत बड़े भाई ने छोटे भाई को पीट-पीटकर मार डाला

हल्द्वानी: मेडिकल पुलिस चौकी के पास सनसनीखेज वारदात, नशे में धुत बड़े भाई ने छोटे भाई को पीट-पीटकर मार डाला

by NewsBoundry
0 comments

नैनीताल जिले के हल्द्वानी शहर में मंगलवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां शराब के नशे में धुत एक युवक ने अपने ही छोटे भाई की बेरहमी से पिटाई कर उसकी जान ले ली। वारदात मेडिकल पुलिस चौकी से महज 150 मीटर की दूरी पर हुई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के चार घंटे के भीतर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

घर में घुसते ही शुरू कर दी मारपीट

जानकारी के मुताबिक, बरेली रोड स्थित राम मंदिर बगीचा निवासी सोनू जायसवाल (44) पिछले कुछ समय से लीवर सिरोसिस की बीमारी से जूझ रहे थे। मंगलवार देर रात उनका बड़ा भाई संदीप जायसवाल शराब के नशे में घर पहुंचा। नशे की हालत में उसने अचानक सोनू के साथ मारपीट शुरू कर दी।

आरोप है कि संदीप ने पास रखा स्टील का लोटा उठाकर सोनू के सिर और चेहरे पर कई वार किए। इसके बाद भी उसका गुस्सा शांत नहीं हुआ और उसने सोनू को उठाकर तख्त पर पटकना शुरू कर दिया। लगातार पिटाई से सोनू बेहोश हो गया।

परिजनों को भी धमकाया

घटना के समय घर में मां रानी, भाभी, दो भतीजे और दो भतीजियां मौजूद थे। जब परिवार के लोग बीच-बचाव करने आए तो आरोपी ने उन्हें देसी रिवॉल्वर दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। डर के कारण परिजन अंदर कमरे में चले गए और कोई मदद नहीं कर सका।

बताया जा रहा है कि बाद में संदीप ने पानी पिलाकर भाई को उठाने की कोशिश की, लेकिन जब कोई हरकत नहीं हुई तो वह मौके से फरार हो गया।

अस्पताल में मृत घोषित

घटना की जानकारी बड़े भतीजे अंकित जायसवाल ने अपने दोस्त को दी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सोनू को 108 एंबुलेंस की मदद से सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

अंकित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया।

चार घंटे में गिरफ्तारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाल विजय मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। फोरेंसिक टीम ने रात में ही घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। बुधवार तड़के पुलिस ने आरोपी संदीप को बरेली रोड स्थित गांधी स्कूल गेट के पास से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने उसके कब्जे से 32 बोर की देसी रिवॉल्वर और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। हत्या में इस्तेमाल स्टील का लोटा भी बरामद कर लिया गया है। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है और मामले की गहन जांच जारी है।

पहले भी रहा है आपराधिक इतिहास

पुलिस जांच में सामने आया है कि संदीप जायसवाल पहले भी कई गंभीर मामलों में शामिल रहा है। उसके खिलाफ हत्या, जानलेवा हमला और धोखाधड़ी समेत पांच मुकदमे दर्ज हैं।

बताया गया कि वर्ष 2014 में उसने एक कारोबारी की गोली मारकर हत्या की थी। इसके अलावा वर्ष 2018 और 2022 में भी उसके खिलाफ मामले दर्ज हुए। कुछ समय पहले वह जमानत पर जेल से बाहर आया था। आरोप है कि उसने अपनी मां के साथ भी मारपीट की थी, जिससे वह कोमा में चली गई थीं।

बीमारी और आर्थिक तंगी बनी वजह

प्राथमिक जांच में पुलिस का मानना है कि मृतक की बीमारी और घर की आर्थिक तंगी के कारण दोनों भाइयों के बीच तनाव था, जो घटना की बड़ी वजह बन सकता है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

इलाके में दहशत

घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। मेडिकल पुलिस चौकी के इतने करीब इस तरह की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

You may also like

Leave a Comment