Home देश/दुनियाउदयपुर में चलती कार में महिला मैनेजर से सामूहिक दुष्कर्म, बर्थडे पार्टी के बाद वारदात, डैशकैम में कैद हुई दरिंदगी

उदयपुर में चलती कार में महिला मैनेजर से सामूहिक दुष्कर्म, बर्थडे पार्टी के बाद वारदात, डैशकैम में कैद हुई दरिंदगी

by NewsBoundry
0 comments

राजस्थान के उदयपुर शहर से सामने आए चलती कार में सामूहिक दुष्कर्म के सनसनीखेज मामले ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। एक आईटी कंपनी की महिला मैनेजर के साथ कथित तौर पर उसके ही सहकर्मियों ने बर्थडे पार्टी के बाद दरिंदगी की। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आईटी कंपनी के सीईओ, महिला एग्जीक्यूटिव हेड और उसके पति को गिरफ्तार कर लिया है।

गुरुवार को पुलिस ने तीनों आरोपियों को अवकाशकालीन न्यायालय में पेश किया, जहां से कोर्ट ने उन्हें चार दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया। पुलिस अब आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है।

बर्थडे पार्टी से शुरू हुई कहानी

पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 20 दिसंबर को शोभागपुरा स्थित एक होटल में आईटी कंपनी के सीईओ का जन्मदिन और ईयर एंडिंग पार्टी आयोजित की गई थी। पार्टी में कंपनी के कई कर्मचारी शामिल हुए थे। पीड़िता भी रात करीब 9 बजे पार्टी में पहुंची और कार्यक्रम देर रात लगभग 1:30 बजे तक चला।

पार्टी के दौरान कंपनी के सीईओ, महिला एग्जीक्यूटिव हेड और उसका पति भी मौजूद थे। पार्टी खत्म होने के बाद महिला एग्जीक्यूटिव हेड ने पीड़िता को आफ्टर पार्टी में चलने का न्योता दिया।

घर छोड़ने के बहाने कार में बैठाया

पीड़िता के अनुसार, रात करीब 1:45 बजे उसे कार में बैठाया गया। कार में पहले से महिला एग्जीक्यूटिव हेड का पति और कंपनी का सीईओ मौजूद थे। तीनों ने उसे घर छोड़ने का भरोसा दिलाया, लेकिन रास्ते में कथित तौर पर उसे स्मोक कराया गया, जिससे वह बेसुध हो गई।

कुछ समय बाद जब पीड़िता को होश आया तो उसने खुद को असहज स्थिति में पाया। आरोप है कि इसी दौरान कंपनी के सीईओ ने उसके साथ छेड़छाड़ शुरू की और फिर महिला एग्जीक्यूटिव हेड समेत तीनों आरोपियों ने चलती कार में उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।

सुबह घर छोड़ा, होश में आने पर दिखे चोट के निशान

पीड़िता ने बताया कि लगातार विनती करने के बाद सुबह करीब 5 बजे उसे घर छोड़ा गया। होश में आने पर उसने देखा कि उसके एक ईयररिंग, मोजे और अंतर्वस्त्र गायब थे। उसके निजी अंगों पर चोट के निशान भी पाए गए।

इसके बाद पीड़िता ने कार में लगे डैशकैम के ऑडियो और वीडियो फुटेज की जांच की, जिसमें आरोपियों की गतिविधियां रिकॉर्ड मिलीं। यही फुटेज मामले में अहम सबूत माने जा रहे हैं।

23 दिसंबर को दर्ज कराई एफआईआर

घटना से सदमे में आई पीड़िता ने 23 दिसंबर की रात सुखेर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया और पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया।

कौन हैं आरोपी

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में शामिल हैं:

जितेश प्रकाश सिसोदिया – आईटी कंपनी का सीईओ, निवासी स्काई मेरिना अपार्टमेंट, सुखाड़िया सर्किल

महिला एग्जीक्यूटिव हेड – आईटी कंपनी की वरिष्ठ अधिकारी

गौरव जाट – महिला एग्जीक्यूटिव हेड का पति, निवासी हितावाला अपार्टमेंट, सुखेर

पुलिस कर रही है गहन जांच

एसपी योगेश गोयल ने बताया कि तीनों आरोपियों को चार दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस डैशकैम फुटेज, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य डिजिटल सबूतों की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि घटना में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं है।

यह मामला न सिर्फ कार्यस्थल की सुरक्षा पर सवाल खड़े करता है, बल्कि भरोसे के नाम पर होने वाले अपराधों की भयावह तस्वीर भी पेश करता है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

You may also like

Leave a Comment