Home उत्तराखंडUTTARKHAND: देहरादून में नहीं चली ‘पापा विधायक हैं’ की धौंस, पुलिस ने काली फिल्म और अवैध हूटर लगी गाड़ी जब्त की

UTTARKHAND: देहरादून में नहीं चली ‘पापा विधायक हैं’ की धौंस, पुलिस ने काली फिल्म और अवैध हूटर लगी गाड़ी जब्त की

by NewsBoundry
0 comments

देहरादून में वीआईपी कल्चर की धौंस दिखाने की एक और कोशिश पुलिस की सख्ती के आगे फेल हो गई। वसंत विहार क्षेत्र में सोमवार को संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक सफारी गाड़ी को रोका, जिसमें न केवल काली फिल्म चढ़ी थी, बल्कि अवैध हूटर और आगे “विधायक” का बोर्ड भी लगा था। जांच के दौरान चालक ने खुद को यूपी के एक विधायक का पुत्र बताकर रुतबा दिखाने की कोशिश की, लेकिन दून पुलिस ने इसे सिरे से खारिज करते हुए मौके पर ही कड़ी कार्रवाई की। सूत्रों के अनुसार, यह वाहन सहारनपुर के एक विधायक का बताया जा रहा है। पुलिस ने तलाशी के दौरान पाया कि वाहन में विधायक मौजूद नहीं थे, और न ही वाहन पर लगी सुविधाएँ किसी भी तरह से अधिकृत थीं। सुरक्षा नियमों की अनदेखी और वाहन में अवैध उपकरण पाए जाने पर पुलिस ने न सिर्फ काली फिल्म, हूटर और बोर्ड हटवाया, बल्कि मोटर वाहन अधिनियम के तहत गाड़ी को मौके पर ही सीज कर दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चालक ने बार-बार अपने राजनीतिक प्रभाव का हवाला देकर बचने की कोशिश की, लेकिन किसी भी तरह की वीआईपी दबंगई को तवज्जो नहीं दी गई। एसएसपी अजय सिंह ने स्पष्ट कहा कि देहरादून में कानून सबके लिए समान है, और नियम तोड़ने वालों पर बिना किसी भेदभाव के कार्रवाई जारी रहेगी। राजपुर क्षेत्र में पूर्व विधायक चैंपियन के बेटे से जुड़े हालिया मामले के बाद पुलिस प्रशासन पहले से ही सतर्क है, और शहर में वीआईपी कल्चर के दुरुपयोग पर अब लगातार सख्त रुख अपनाया जा रहा है।

You may also like

Leave a Comment