Home उत्तराखंडदिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार बिना नंबर प्लेट की जीप ने 7 साल की बच्ची को कुचला, मौके पर मौत

दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार बिना नंबर प्लेट की जीप ने 7 साल की बच्ची को कुचला, मौके पर मौत

by NewsBoundry
0 comments

विकासनगर (देहरादून): दिल्ली–यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में सात साल की मासूम बच्ची की जान चली गई। घटना सहसपुर कोतवाली क्षेत्र के खुशहालपुर गांव में गुरुद्वारे के पास हुई, जहां तेज रफ्तार और बिना नंबर प्लेट की काले रंग की जीप ने सड़क पार कर रही बच्ची को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया।

घर के पास खेल रही थी बच्ची

जानकारी के अनुसार खुशहालपुर निवासी रफाकत अपने घर के पास अंडे की ठेली लगाकर परिवार का गुजर-बसर करते हैं। शनिवार को उनकी सात वर्षीय बेटी तसमीया घर के पास ही खेल रही थी। इसी दौरान वह सड़क पार करने लगी। तभी देहरादून की ओर से तेज गति से आ रही काले रंग की एक जीप ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि बच्ची दूर जा गिरी और गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे उठाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

हादसे के बाद चालक फरार

दुर्घटना के तुरंत बाद जीप चालक मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि चालक जस्सोवाला की ओर जाने वाले रास्ते से भाग निकला। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया।

ग्रामीणों ने हाईवे जाम कर किया प्रदर्शन

गुस्साए ग्रामीणों ने बच्ची के शव को दिल्ली–यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसके चलते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और करीब एक घंटे तक हाईवे पर यातायात पूरी तरह बाधित रहा।

सूचना मिलने पर सहसपुर कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक विकास रावत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार करने और उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

काफी समझाने-बुझाने के बाद पुलिस ने करीब एक घंटे बाद ग्रामीणों को सड़क से हटाया और बच्ची के शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।

CCTV फुटेज में दिखी जीप

पुलिस द्वारा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। फुटेज में बच्ची को टक्कर मारने वाली जीप दिखाई दे रही है, लेकिन उस पर नंबर प्लेट नहीं लगी होने के कारण वाहन की पहचान करना मुश्किल हो रहा है।

कोतवाली प्रभारी शंकर सिंह बिष्ट ने बताया कि पुलिस टीम जस्सोवाला, जमनीपुर और बरोटीवाला तक जाने वाले रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। इसके साथ ही आसपास के थानों और चौकियों को भी सूचना भेजी गई है ताकि वाहन और चालक का जल्द पता लगाया जा सके।

पिता सदमे में हुए बेहोश

हादसे के बाद का दृश्य बेहद मार्मिक था। जब रफाकत ने अपनी बेटी को खून से लथपथ हालत में देखा तो वह सदमे में आकर मौके पर ही बेहोश हो गए। बच्ची की मौत के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

शिकायत देने से परिजन कर रहे इनकार

पुलिस के मुताबिक अभी तक पीड़ित परिवार ने इस मामले में कोई लिखित शिकायत देने से इनकार किया है। हालांकि पुलिस अपने स्तर पर आरोपी चालक की तलाश में जुटी हुई है।

रमजान के बीच मातम में बदला घर

इस समय रमजान का पवित्र महीना चल रहा है और गांव में भी रात के समय काफी रौनक रहती है। तसमीया के पिता रफाकत की अंडे की ठेली पर भी इन दिनों अच्छी कमाई हो रही थी और परिवार ईद की तैयारियों को लेकर खुश था। लेकिन इस दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।

ग्रामीणों की मांग

खुशहालपुर के प्रधान आजम, प्रतिनिधि शाहनवाज खान, अलादीन, शहजाद और नदीम समेत कई ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से आरोपी चालक की जल्द गिरफ्तारी और रात के समय हाईवे पर वाहनों की सख्त जांच की मांग की है। उनका कहना है कि तेज रफ्तार और बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों के कारण क्षेत्र में दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है।

पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी चालक को पकड़ लिया जाएगा।

You may also like

Leave a Comment