नैनीताल के प्रसिद्ध चीना पीक इलाके में रुद्रपुर का 12वीं का छात्र जयश कार्की रहस्यमय तरीके से लापता हो गया है। मंगलवार शाम दोस्तों के साथ घूमने गया जयश वापसी के दौरान अचानक गायब हो गया। रातभर चली तलाशी के बाद भी बुधवार सुबह तक उसका कोई सुराग नहीं मिला है।
दोस्तों के साथ आया था नैनीताल,वापसी में हुआ गायब
जानकारी के मुताबिक, रुद्रपुर निवासी जयश कार्की अपने पांच दोस्तों के साथ नैनीताल घूमने आया था। शाम को सभी चीना पीक और कैमल्स बैक की पहाड़ी की ओर निकल गए।
- जयश तीन दोस्तों के साथ चीना पीक गया
- जबकि दो साथी कैमल्स बैक की तरफ गए
वापसी के समय जयश एयरफोन लगाकर गाने सुनते हुए आगे निकल गया, और जब बाकी दोस्त गेट के पास पहुंचे तो वह वहां नहीं था। दोस्तों ने तुरंत उसे कॉल किया, लेकिन मोबाइल फोन स्विच ऑफ मिला। उसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
रातभर पुलिस–एसडीआरएफ का सर्च अभियान
सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें देर रात चीना पीक के जंगलों में तलाश में जुट गईं। घना जंगल और रात का अंधेरा खोज को मुश्किल बनाता रहा। सुबह तक भी छात्र का कोई पता नहीं चल सका। एसएसआई दीपक बिष्ट ने बताया कि “युवक की खोजबीन लगातार जारी है। सुबह तक कोई जानकारी नहीं मिली है।”
इलाका कठिन,मोबाइल नेटवर्क भी कमजोर
चीना पीक और कैमल्स बैक क्षेत्र ऊंचाई और घने जंगलों के कारण चुनौतीपूर्ण है। यहां मोबाइल नेटवर्क भी अक्सर कमजोर रहता है, जिससे संपर्क करना मुश्किल हो जाता है।
जंगलों में लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है और टीमें हर संभावित स्थान की जांच कर रही हैं।
परिजनों में बढ़ी चिंता
लापता होने की खबर से छात्र के परिवार में तनाव का माहौल है। पुलिस का कहना है कि खोजबीन को रुकने नहीं दिया जाएगा और हर संभव प्रयास किया जा रहा है कि जयश जल्द सुरक्षित मिल जाए।

