उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के व्यस्त दूल्हा बाजार क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई गुंजन की हत्या ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। मामले में सामने आया है कि मुख्य आरोपी आकाश पिछले दो दिनों से धारदार हथियार लेकर इलाके में घूम रहा था। इतना ही नहीं, घटना से तीन दिन पहले ही गुंजन के परिजनों ने पुलिस चौकी में संभावित खतरे की शिकायत भी दर्ज कराई थी। बावजूद इसके पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया, जिससे एक युवती की जान चली गई।
पत्नी ने दी थी पहले ही चेतावनी
जानकारी के अनुसार, 31 जनवरी को आरोपी आकाश की पत्नी ने खुद गुंजन के परिजनों को फोन कर आगाह किया था कि आकाश हथियार लेकर घूम रहा है और किसी भी समय हमला कर सकता है। गुंजन के चचेरे भाई अंश ने बताया कि उन्होंने इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस को भी अवगत कराया था।
परिजनों का कहना है कि अगर समय रहते पुलिस ने उचित कार्रवाई की होती तो इस दर्दनाक घटना को टाला जा सकता था।
दिनदहाड़े बाजार में किया हमला
सोमवार को शहर कोतवाली क्षेत्र के दूल्हा बाजार में आकाश ने गुंजन पर अचानक हमला कर दिया। आसपास के लोग कुछ समझ पाते उससे पहले ही गुंजन गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद पूरे बाजार में आक्रोश फैल गया। व्यापारियों ने विरोध स्वरूप बाजार बंद कर दिया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।
पहले से कर रहा था परेशान
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी आकाश पहले से ही गुंजन को परेशान करता था। कुछ समय पहले भी उसने गुंजन का पीछा किया था, जिसके बाद परिजनों ने पुलिस चौकी में शिकायत दी थी। उस समय दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया गया था।
लेकिन समझौते के बाद भी आरोपी ने गुंजन से संपर्क करने और धमकी देने का सिलसिला जारी रखा। आरोप है कि वह जबरन शादी का दबाव बना रहा था और मना करने पर जान से मारने की धमकी देता था।
फिल्मी अंदाज में दी थी धमकी
परिजनों के मुताबिक, आकाश ने खुलेआम धमकी दी थी कि अगर गुंजन उसकी बात नहीं मानेगी तो वह उसे खत्म कर देगा। यह बात पुलिस को दी गई तहरीर में भी लिखी गई थी, लेकिन समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
एसआईटी करेगी मामले की जांच
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय सिंह ने मामले की जांच के लिए विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया है। एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि टीम को जल्द से जल्द हर पहलू की गहन जांच कर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि लापरवाही या चूक सामने आने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद आरोप पत्र दाखिल किया जाएगा।
परिजनों और व्यापारियों में आक्रोश
इस घटना के बाद परिवार और स्थानीय लोगों में भारी गुस्सा है। लोगों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई होती तो गुंजन आज जिंदा होती। बाजार के व्यापारियों ने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

