बरेली,यूपी। इज्जतनगर थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसे देखकर किसी का भी दिल दहल जाएगा। वीडियो में एक लग्जरी कार तेज रफ्तार में अनियंत्रित होकर दो बार पलटती दिख रही है और फिर सड़क किनारे नाले में जा गिरती है। इस हादसे में कपड़ा व्यापारी की पत्नी की मौत हो गई, जबकि व्यापारी और साथ में मौजूद कोचिंग संचालक दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का उपचार निजी अस्पताल में जारी है।
बिस्मिल नाइट से लौटते वक्त हुआ हादसा
शनिवार रात IVRI परिसर में आयोजित ‘बिस्मिल नाइट’ कार्यक्रम से लौटते समय यह दुर्घटना हुई।
मॉडल टाउन निवासी व्यापारी हर्षुल अरोड़ा अपनी पत्नी 30 वर्षीय शीतू अरोड़ा के साथ कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। उनके साथ उनके दोस्त और मॉडल टाउन के ही निवासी कोचिंग संचालक पारस खेड़ा और उनकी पत्नी भावना खेड़ा भी कार में मौजूद थे। करीब रात 12 बजे चारों लोग लग्जरी कार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान इज्जतनगर थाने के पास आगे चल रही एक बाइक को बचाने का प्रयास करते हुए कार अचानक अनियंत्रित होकर साइड में चली गई और देखते ही देखते पलट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक—दो बार पलटी खाकर नाले में गिरी कार
करीब की दूसरी कार में आ रहे परिचितों ने तुरंत मदद की और सभी को बाहर निकाला। सभी घायल अत्यंत गंभीर अवस्था में थे। अस्पताल ले जाते समय शीतू अरोड़ा ने दम तोड़ दिया। उनके शरीर की कई हड्डियाँ टूट चुकी थीं।
कोचिंग संचालक पारस की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें दिल्ली रेफर कर दिया गया, जबकि हर्षुल और भावना का इलाज बरेली में ही चल रहा है।
दो साल की बच्ची की मां थीं शीतू
मृतका शीतू की शादी पाँच साल पहले हुई थी। वह एक दो साल की बच्ची की मां थीं।
इस हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। दोनों परिवार संपन्न और सामाजिक रूप से सक्रिय बताए जा रहे हैं। सोमवार को शीतू का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
बरेली में एक और हादसा: बस की टक्कर से युवक की मौत,एक घायल
इसी रात बरेली के सीबीगंज क्षेत्र में भी सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियाँ छीन लीं।
राजकीय पॉलिटेक्निक के पास रामपुर रोड पर एक तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
दोनों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 34 वर्षीय गौरव श्रीवास्तव ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। उनका साथी सुमित साहू अभी भी उपचाराधीन है।
बस चालक फरार,वाहन जब्त
टक्कर के बाद बस चालक मौके पर वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
तीन माह की बेटी के सिर से उठा पिता का साया
गौरव श्रीवास्तव पेशे से पेंटर थे। उनकी शादी एक साल पहले हुई थी और घर में तीन माह की बेटी है। अचानक हुए इस हादसे ने परिवार को शोक में डूबो दिया है।
सारांश
- तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर पलटी, व्यापारी की पत्नी की मौत
- व्यापारी व कोचिंग संचालक दंपती गंभीर रूप से घायल
- एक अन्य हादसे में बस की टक्कर से युवक की मौत
- दोनों घटनाओं ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाला

