Home उत्तराखंडहरिद्वार: कॉफी शॉप के बाहर युवक का फिल्मी स्टाइल में अपहरण, चार आरोपी गिरफ्तार — दो फरार

हरिद्वार: कॉफी शॉप के बाहर युवक का फिल्मी स्टाइल में अपहरण, चार आरोपी गिरफ्तार — दो फरार

by NewsBoundry
0 comments

हरिद्वार। क्रिस्टल वर्ल्ड के पास शनिवार शाम एक युवक को फिल्मी अंदाज़ में जबरन गाड़ी में डालकर अगवा कर लिया गया। घटना के तुरंत बाद हरिद्वार पुलिस अलर्ट मोड में आ गई और कुछ ही घंटों में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर अपहृत युवक को सुरक्षित बरामद कर लिया गया। दो आरोपी अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

फोन पर बात करते हुए बाहर निकला और हो गया किडनैप

शिवालिक नगर निवासी राजन (25) अपने दोस्त फतेह सिंह के साथ एक कैफे में मौजूद था। कॉफी पीने के बाद राजन जैसे ही फोन पर बात करते हुए बाहर निकला, उसी समय एक कार तेज़ी से उसके करीब आकर रुकी। कार में सवार युवकों ने राजन से मारपीट की और उसे घसीटते हुए कार में डालकर फरार हो गए।

यह घटना शनिवार शाम 6:33बजे पुलिस कंट्रोल रूम पर रिपोर्ट की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पूरे जिले में अलर्ट जारी कर दिया गया। जगह-जगह नाकेबंदी की गई और आरोपियों की तलाश में एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई।

सीसीटीवी फुटेज से खुला आरोपी कार का सुराग

जांच टीम ने तेज़ी से क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें सामने आया कि अपहरण में पंजाब नंबर की एक कार का इस्तेमाल किया गया है। तकनीकी जांच और पूछताछ के आधार पर यह भी पता चला कि वारदात में कुल छह युवक शामिल थे।

चार आरोपी गिरफ्तार,दो फरार

पुलिस टीम ने रविवार को मंगलौर हाइवे से चार आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई:

  • अर्पित शर्मा (निवासी मंगलौर)
  • नितिन (निवासी सिडकुल)
  • जोगेंद्र उर्फ जुग्गन
  • हर्ष उर्फ हनी

इन सभी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। घटना में प्रयुक्त कार भी पुलिस ने कब्जे में ले ली है।

दो आरोपी अभी फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

युवक सकुशल बरामद

हरिद्वार पुलिस ने अपहृत राजन को सुरक्षित छुड़ा लिया है। शुरुआती जांच में पता चला कि आरोपियों ने राजन के साथ मारपीट भी की थी।

You may also like

Leave a Comment